बिलरियागंज में बिना पंजीकरण चल रहा ओम चाइल्ड केयर सील, NICU में भर्ती दो बच्चे सुरक्षित दूसरे अस्पताल भेजे गए

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा को मिली शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिलरियागंज बाजार स्थित ओम चाइल्ड केयर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जांच में अस्पताल बिना आवश्यक पंजीकरण के संचालित पाया गया। मौके पर चिकित्सक भी मौजूद नहीं था।मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नोडल अधिकारी डॉ. मोहनलाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और जांच की। इस दौरान अस्पताल में चार बेड का NICU संचालित पाया गया, जिसमें दो बच्चे भर्ती थे।मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए टीम ने दोनों बच्चों के परिजनों को अस्पताल की स्थिति से अवगत कराया। परिजनों की सहमति के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित रूप से दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित करा दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस पूरी कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की कैजुअल्टी या जनहानि नहीं हुई।जांच और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ओम चाइल्ड केयर को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान डॉ. मोहनलाल के साथ पटल सहायक धीरेन्द्र कुमार शुक्ला भी मौजूद रहे।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि जनपद में बिना पंजीकरण या निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और निजी अस्पतालों में निर्धारित नियमों एवं मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *