शिक्षक की भूमिका में नजर आए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, अचानक स्कूल पहुंचकर बच्चों की ली क्लास

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता परखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविंद्र कुमार लगातार विद्यालयों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार शिक्षा क्षेत्र पल्हनी के इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल भदुली पहुंचे, जहां उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। जिलाधिकारी यहां केवल निरीक्षण करने वाले अधिकारी के रूप में नहीं, बल्कि एक शिक्षक की भूमिका में नजर आए।जिलाधिकारी के अचानक विद्यालय पहुंचने से स्कूल परिसर में हलचल मच गई। उन्होंने सीधे कक्षाओं का रुख किया और छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचकर उनसे संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, पाठ्यक्रम और स्कूल में मिलने वाली शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बच्चों से किताबें पढ़वाकर उनकी पठन क्षमता, उच्चारण और समझने की क्षमता को परखा। साथ ही सवाल-जवाब के माध्यम से उनकी शैक्षणिक और बौद्धिक स्थिति का भी आकलन किया।कक्षा में बच्चों के बीच बैठकर जिलाधिकारी ने बेहद सहज अंदाज में उनसे बातचीत की और पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि जानने का प्रयास किया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने, नियमित विद्यालय आने और अपने लक्ष्य को निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने शिक्षकों से भी विद्यालय में शिक्षण कार्य की स्थिति, बच्चों की उपस्थिति और पढ़ाई के स्तर के संबंध में जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का मुख्य जोर इस बात पर रहा कि विद्यालयों में बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि विषयों की बेहतर समझ भी विकसित कराई जाए। उन्होंने शिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाने और बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने पर जोर दिया।जिलाधिकारी रविंद्र कुमार का यह अंदाज विद्यालय में मौजूद छात्र-छात्राओं के लिए भी खास रहा। एक बड़े प्रशासनिक अधिकारी को अपने बीच शिक्षक की भूमिका में देखकर बच्चे उत्साहित नजर आए। जिलाधिकारी का यह निरीक्षण शिक्षा व्यवस्था को जमीनी स्तर पर परखने और सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *