

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आजमगढ़ में मतदाता जागरूकता अभियान की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सहित जनपद की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित तहसील कार्यालयों में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित केंद्र का उद्घाटन जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने किया।इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं डमी वोटिंग कराकर लोगों को मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले छात्र-छात्राओं को ईवीएम के संचालन से परिचित कराना तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता और विश्वास बढ़ाना है।कलेक्ट्रेट में आयोजित विशेष जागरूकता सत्र के दौरान मास्टर ट्रेनर इंजीनियर कुलभूषण सिंह ने ईवीएम और वीवीपैट की तकनीकी कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार मतदाता बैलेट यूनिट पर बटन दबाकर अपने मताधिकार का प्रयोग करता है और कंट्रोल यूनिट के माध्यम से मतदान प्रक्रिया पूरी होती है।कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों, युवाओं और मीडिया प्रतिनिधियों ने स्वयं डमी बैलेट यूनिट पर बटन दबाकर मतदान किया। इसके बाद वीवीपैट की पारदर्शी खिड़की में लगभग सात सेकंड तक दिखाई देने वाली पर्ची को देखा। इस पर्ची पर मतदाता द्वारा चुने गए प्रत्याशी का क्रमांक, नाम और चुनाव चिह्न प्रदर्शित होता है।वहीं, जनपद की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित तहसील कार्यालयों में भी उप जिलाधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों का शुभारंभ किया। यहां भी आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को डमी वोटिंग कराकर मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई।जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया को समझें और स्वयं डमी वोटिंग का अनुभव प्राप्त करें। खासकर युवा और पहली बार मतदाता बनने वाले छात्र-छात्राएं इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, जिससे आगामी विधानसभा चुनाव में जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
