आजमगढ़ नौकरी का झांसा, फिर एक लाख में युवती का सौदा! आजमगढ़ पुलिस ने पश्चिम बंगाल तक पहुंचकर खोला मानव तस्करी का राज

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ नौकरी दिलाने का सुनहरा सपना दिखाकर युवतियों को अपने जाल में फंसाना, फिर अलग-अलग एजेंटों के माध्यम से एक से दूसरे व्यक्ति के हाथों बेचना और अंत में देह व्यापार के दलदल में धकेलना। मानवता को शर्मसार करने वाले अंतरराज्यीय मानव तस्करी रैकेट का आजमगढ़ पुलिस ने सनसनीखेज पर्दाफाश किया है। थाना अहरौला पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के चंगुल से करीब 19 वर्षीय युवती को सकुशल मुक्त कराया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता को करीब एक लाख रुपये में बेचा गया था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में महिला एवं बाल अपराध तथा मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, 18 मार्च 2026 को थाना अहरौला क्षेत्र की एक महिला ने अपनी करीब 18 वर्षीय पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने के संबंध में तहरीर दी थी। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान मानव तस्करी और अनैतिक व्यापार से जुड़े गंभीर तथ्य सामने आए।जांच में पता चला कि युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर फंसाया जाता था। इसके बाद अलग-अलग एजेंटों के माध्यम से उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाकर पैसों के बदले बेचा जाता था। पीड़िता को भी करीब एक लाख रुपये में बेच दिया गया था। लगातार जांच और सुराग जुटाने के बाद 18 नवंबर 2026 को थाना अहरौला पुलिस और एएचटीयू की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के गोवालपोखर थाना क्षेत्र स्थित पारा पंजिपाड़ा में छापेमारी की। यहां से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़िता को सकुशल बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सुरेश राम पुत्र वासुदेव राम निवासी ग्राम बखरा, वार्ड नंबर 20, थाना मोतीपुर, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार (उम्र करीब 46 वर्ष), महेश कुमार पुत्र लालबाबू प्रसाद निवासी ग्राम बेलवा रायघाम, थाना तुरकौलिया, जिला पूर्वी चंपारण, बिहार (उम्र करीब 36 वर्ष) और मोहम्मद अली पुत्र अकील अहमद निवासी ग्राम पारा पंजिपाड़ा, थाना गोवालपोखर, जिला उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल शामिल हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद अलग-अलग एजेंटों के माध्यम से उन्हें एक से दूसरे स्थान तक पहुंचाकर बेच दिया जाता था। आरोप है कि पीड़िता को भी करीब एक लाख रुपये में बेचा गया था। इसके बाद उसके साथ शारीरिक शोषण और जबरन देह व्यापार कराया जाता था। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।इस प्रकरण में पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पश्चिम बंगाल से तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब तक कुल सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इस अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करने वाली संयुक्त पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी, थाना अहरौला, निरीक्षक अमित शर्मा, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), जनपद आजमगढ़, आरक्षी सुधीर प्रजापति एवं महिला आरक्षी रीमा कुमारी, थाना अहरौला तथा आरक्षी बसंत यादव, सर्विलांस सेल जनपद आजमगढ़ शामिल रहे।अंतरराज्यीय मानव तस्करी जैसे संगठित अपराध का पर्दाफाश कर पीड़िता को सकुशल बरामद करने और तीन आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली संयुक्त पुलिस टीम की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सराहना की। उन्होंने टीम के प्रत्येक सदस्य को 25-25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।पुलिस की इस कार्रवाई से मानव तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। साथ ही पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *