आजमगढ़: पुलिस कस्टडी रिमांड पर आए आरोपी की निशानदेही पर 32 बोर पिस्टल बरामद

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

मेले में हुए विवाद के बाद 18 वर्षीय युवक को मारी थी गोली, आरोपी सौरभ यादव उर्फ करिया का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना कोतवाली पुलिस ने फायरिंग की घटना में इस्तेमाल की गई 32 बोर की पिस्टल बरामद की है। पुलिस ने यह बरामदगी जेल में बंद आरोपी सौरभ यादव उर्फ करिया को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर की।पुलिस के अनुसार, बीते 27 अक्टूबर 2026 को ग्राम ककरहटा निवासी इन्द्रदेव यादव ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उनका 18 वर्षीय पुत्र निखिल यादव मेले में गया था। वहां सौरभ यादव और अजीत यादव के बीच गाली-गलौज हो रही थी। निखिल ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग करा दिया था। इसी बात की रंजिश में सौरभ यादव ने फोन कर निखिल को बातचीत के लिए बुलाया और वापस जाते समय जान से मारने की नीयत से उस पर गोली चला दी। गोली निखिल की दाहिनी जांघ में लगी थी।इस मामले में थाना कोतवाली पर मुकदमा अपराध संख्या 560/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय से आरोपी सौरभ यादव उर्फ करिया पुत्र स्वर्गीय वीरेन्द्र यादव निवासी मनचोभा, थाना कोतवाली का सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पुलिस कस्टडी रिमांड स्वीकृत हुआ। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को जिला कारागार से अभिरक्षा में लेकर बड़हलगंज पुल के पास घाघरा नदी किनारे पहुंची। यहां झाड़ियों से उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल बरामद की गई।पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ जीयनपुर थाने में हत्या, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मामले में बरामदगी के बाद धारा 3(5) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 की बढ़ोतरी की गई है।इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बलरामपुर उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति, कांस्टेबल सुमित कुमार, राहुल पाण्डेय और भूपेन्द्र कुमार मिश्रा शामिल रहे। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *