

गौरव श्रीवास्तव, अमन गुप्ता,आजमगढ़। नरौली–भंवरनाथ फोरलेन मार्ग के निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर समाजसेवी विनीत सिंह “रिशू” के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग परिसर में एक दिवसीय सांकेतिक धरना आयोजित किया गया।धरने की शुरुआत गांधीवादी तरीके से हुई। धरना के पहले समाजसेवी ने पीडब्ल्यूडी परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और उसके बाद शांतिपूर्ण ढंग से धरने पर बैठकर अपनी मांगों को अधिकारियों को सौंपा। समाजसेवी विनीत सिंह “रिशू” का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी विकास कार्य का विरोध करना नहीं, बल्कि जनधन से बन रही परियोजना की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनसुरक्षा सुनिश्चित करना है।धरने के दौरान नरौली–भंवरनाथ फोरलेन की स्वतंत्र तकनीकी जांच, थर्ड पार्टी लैब परीक्षण, सड़क सुरक्षा ऑडिट, डिवाइडरों पर प्रकाश व्यवस्था, रेडियम रिफ्लेक्टर, कैट-आई, चेतावनी संकेतक तथा निर्माणाधीन क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों के पालन की मांग उठाई गई। साथ ही सड़क निर्माण में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।डी एन सिंह और आलोक सिंह ने कहा कि इस मार्ग पर कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता व्याप्त है। ऐसे में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की निष्पक्ष जांच अत्यंत आवश्यक है।धरने के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य अभियंता को संबोधित मांग पत्र सौंपा। अधिकारियों द्वारा प्रकरण की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए 15 दिनों का आश्वासन दिया गया है।समाजसेवी विनीत सिंह “रिशू” ने कहा कि अब क्षेत्र की जनता की निगाहें आगामी 15 दिनों में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं अगर उचित कार्यवाही नहीं हुई तो अनिश्चित कालीन प्रदर्शन होगा.धरने को समर्थन करने वालों में विनय सिंह, रामदरश यादव, ऋषभ राय, चंदन सिंह,नीरज सिंह, रोहित सिंह,सत्या बरनवाल, जे डी यादव,राणा बलबीर सिंह,देवनाथ सिंह ,आलोक सिंह, प्रिंस वर्मा, अभिषेक कन्नौजिया सहित आदि शामिल रहे।
