

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया। थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पेट्रोल पंप के एक कर्मी के साथ असलहे के बल पर लूटपाट और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाशों ने कर्मी से पेट्रोल पंप की बिक्री का ₹4.40 लाख से अधिक का कैश लूटने का प्रयास किया, लेकिन उसके साहस और सूझबूझ के चलते रकम बच गई। हालांकि बदमाश उसके गले की सोने की चेन, चांदी का कड़ा और करीब ₹10 हजार नकदी छीनकर फरार हो गए।जानकारी के अनुसार, किशन सोनी, निवासी गोला बाजार, नगर पंचायत अतरौलिया, पटेल स्कूल के पास स्थित किआन फिलिंग स्टेशन पर मुनीब (मुंशी) के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार रात करीब 11 बजे वह पेट्रोल पंप बंद कर बिक्री का कुल ₹4,40,301 अपनी बाइक की डिग्गी में रखकर घर जा रहे थे।पीड़ित के अनुसार, पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर दूर गंगापुर गांव के रास्ते के पास पहले से घात लगाए बैठे सूरज पुत्र कांता निवासी गंगापुर तथा उसके चार अज्ञात साथियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा दिखाकर कैश मांगना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की और कंधे पर काट लिया।किशन सोनी ने किसी तरह बाइक की डिग्गी में रखा कैश बचा लिया, लेकिन बदमाश उनकी जेब से करीब ₹10 हजार नकदी, गले की सोने की चेन और हाथ का चांदी का कड़ा छीनकर फरार हो गए।घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। डायल 112 पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़ित ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
