अतरौलिया 100 शैय्या अस्पताल में गर्भवतियों को सप्ताह में तीन दिन मुफ्त अल्ट्रासाउंड की सुविधा

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता, अतरौलिया। अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब अस्पताल में हर सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस व्यवस्था से प्रतिदिन लगभग 50 से 70 मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है।चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने प्रेसवार्ता में बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सुविधा शुरू की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात अल्ट्रासोनोलॉजिस्ट डॉ. शिवा सिंह की ड्यूटी सप्ताह में तीन दिन 100 शैय्या अस्पताल में लगाई गई है। प्राथमिकता के आधार पर गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया जाएगा, जबकि समय उपलब्ध होने पर अन्य मरीजों की भी जांच की जाएगी।उन्होंने बताया कि अस्पताल की डिजिटल एक्स-रे सेवा तकनीकी खराबी के कारण फिलहाल बंद है। मशीन से जुड़े कंप्यूटर और सीपीयू में खराबी आने के बाद संबंधित कंपनी को मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक कलपुर्जा केरल से भेजा जा चुका है और इंजीनियरों की टीम शुक्रवार तक इसे स्थापित कर सेवा बहाल कर देगी।डॉ. सिन्हा ने कहा कि अस्पताल प्रशासन मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अस्थायी असुविधा को लेकर परेशान न हों, जल्द ही सभी सेवाएं पूरी तरह सुचारु कर दी जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *