

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया। नगर क्षेत्र के पूरब पोखरा स्थित ठाकुर जी के प्राचीन मंदिर में शुक्रवार को एक श्रद्धालु को पूजा-अर्चना से रोकने के आरोप को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। साथ ही मंदिर में सभी श्रद्धालुओं के निर्बाध प्रवेश और पूजा-अर्चना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।वार्ड नंबर-9 निवासी विशाल सोनी का आरोप है कि वह वर्षों से नियमित रूप से मंदिर में पूजा-पाठ करने आते हैं। शुक्रवार को जब वह मंदिर पहुंचे तो मंदिर के संरक्षक (पुजारी) ने उन्हें पूजा करने से रोक दिया। विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और दोबारा मंदिर न आने की धमकी भी दी गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारियों और श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर के बाहर एकत्र हो गई। नगर निवासी नवनीत जायसवाल ने कहा कि यह एक सार्वजनिक एवं ऐतिहासिक मंदिर है, जहां वर्षों से क्षेत्र के लोग पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। ऐसे में किसी भी श्रद्धालु को मंदिर में पूजा करने से नहीं रोका जाना चाहिए।सूचना पर डायल-112 पुलिस और थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद समझाइश देकर विवाद समाप्त कराया। थाना प्रभारी ने मंदिर के संरक्षक को निर्देश दिया कि किसी भी श्रद्धालु को मंदिर में प्रवेश या पूजा-अर्चना से न रोका जाए।पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया। पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि मंदिर सार्वजनिक आस्था का केंद्र है और सभी श्रद्धालु वहां बिना किसी भय के पूजा-अर्चना कर सकते हैं। इसके बाद मौजूद लोगों ने भी शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
