

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी, आजमगढ़ के तत्वावधान में बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के पर्यवेक्षक एवं राजस्थान सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तथा पूर्व सांसद श्री रघु शर्मा ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ विषय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। कार्यक्रम में मिर्जापुर के पूर्व विधायक श्री भगवती चौधरी तथा आजमगढ़ के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के पर्यवेक्षक श्री घनश्याम सहाय भी उपस्थित रहे।प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए श्री रघु शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था अनिवार्य है। निर्वाचन आयोग में नियुक्तियों की चयन प्रक्रिया में किए गए बदलावों और निर्वाचन आयुक्तों को कानूनी संरक्षण प्रदान करने वाले कानून में संशोधन को लेकर उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन बदलावों से निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और जवाबदेही को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा होती हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करना आवश्यक है।श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठा रही है। इसी क्रम में आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली में बड़ी संख्या में शामिल होकर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के संकल्प को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेसजनों से रैली की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने और आम जनता तक इस अभियान का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।मिर्जापुर के पूर्व विधायक श्री भगवती चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है और चुनावी प्रक्रिया पर लोगों का विश्वास बनाए रखना सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहने तथा संगठन की आवाज को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।आजमगढ़ के PCC पर्यवेक्षक श्री घनश्याम सहाय ने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रयासों को व्यापक बनाया जा सकता है। उन्होंने आगामी 1 नवंबर की दिल्ली रैली को सफल बनाने के लिए जिले के सभी कांग्रेसजनों से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ के कांग्रेसजन संगठन के नेतृत्व में जनहित के मुद्दों को लेकर निरंतर सक्रिय हैं। आगामी 1 नवंबर की दिल्ली रैली में जिले से कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। उन्होंने सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।प्रेस कॉन्फ्रेंस के उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की एक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित अतिथियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी दिल्ली रैली की तैयारियों तथा जिले में पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर चर्चा हुई।कार्यक्रम में रियाजुल हसन, राजाराम यादव, राहुल राय, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, विपिन कुमार पाठक, चंद्रपाल सिंह यादव, रामगणेश प्रजापति, बेलाल बेग, अंसार अहमद, दिनेश यादव, अजीत राय, मुन्नू यादव, भजूराम यादव, शिवमंगल सिंह, मो. आमिर, सीमा भारती, शीला भारती, प्रेमलता चौहान, जावेद मंदे , गुलाब राय, अकीलुर्रहमान, रामविलास राम, प्रदीप यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
