




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले में सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में युवाओं द्वारा खतरनाक स्टंटबाजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इन दिनों सोशल मीडिया पर कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें युवक नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए जानलेवा स्टंट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।वायरल वीडियो में एक युवक बाइक का अगला पहिया हवा में उठाकर हाईवे पर काफी दूर तक बाइक दौड़ाता दिखाई दे रहा है। स्टंट के दौरान सड़क पर अन्य वाहन भी गुजरते नजर आ रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। वहीं दूसरे वीडियो में मॉडीफाई साइलेंसर लगी बाइक से आग की लपटें निकलती दिखाई दे रही हैं, जिसे युवक सोशल मीडिया पर वायरल करने के उद्देश्य से रिकॉर्ड कर रहे हैं।लगातार सामने आ रहे ऐसे वीडियो ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सड़क पर इस तरह की लापरवाही न सिर्फ स्टंट करने वालों बल्कि आम राहगीरों की जान के लिए भी खतरा बन रही है।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस वायरल वीडियो की जांच में जुट गई है। संबंधित युवकों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन कर सड़क पर स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
