




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के हरईरामपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर तोड़फोड़, हरे पेड़ों को काटने और गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे वायरल हुए वीडियो में कुछ लोग तोड़फोड़ करते और पेड़ काटते नजर आ रहे हैं।मिली जानकारी के अनुसार हरईरामपुर गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि विवाद के दौरान जमकर गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ की गई। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत स्थानीय थाने में दर्ज कराई है।पीड़ित रामकवल यादव पुत्र पलटू यादव ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही संजय राय, विजय राय, निलेश राय, शिवम राय, अमित राय, अरविंद राय, लकी राय और विशाल राय जबरन उनकी आबादी की जमीन में लगे पेड़ों को उखाड़ने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और घर के बाहर लगा करकट भी उखाड़कर फेंक दिया गया। पीड़ित ने मारपीट का भी आरोप लगाया है।घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
