महाराणा जनता पार्टी आजमगढ़ के मण्डल अध्यक्ष आलोक सिंह ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, प्रदेश में मॉडल पुलिस एक्ट के अनुरूप आधुनिक पुलिस व्यवस्था लागू करने की मांग

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। महाराणा जनता पार्टी के आजमगढ़ मंडल अध्यक्ष आलोक सिंह ने प्रदेश में आधुनिक, पारदर्शी और जवाबदेह पुलिस व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि ज्ञापन मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाया गया है। साथियों को हिरासत में लिए जाने की परिस्थितियों के बीच उन्होंने पुलिस सुधारों से जुड़ी अपनी मांग शासन तक पहुंचाने की पहल की।आलोक सिंह ने ज्ञापन में कहा कि वर्तमान समय में पुलिस व्यवस्था को लोकतांत्रिक मूल्यों, मानवाधिकारों और नागरिकों के अधिकारों के अनुरूप बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने 1861 के पुराने पुलिस अधिनियम के स्थान पर आधुनिक जरूरतों के अनुरूप पुलिस कानून और कार्यप्रणाली विकसित करने पर जोर दिया।उन्होंने मॉडल पुलिस एक्ट, 2006 के अनुरूप आवश्यक विधायी एवं प्रशासनिक सुधार लागू करने की मांग करते हुए साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, आधुनिक फॉरेंसिक सुविधाओं का विस्तार तथा थानों और गश्ती वाहनों में सीसीटीवी एवं बॉडी-वॉर्न कैमरों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही।ज्ञापन में अपराधों की विवेचना और कानून-व्यवस्था के कार्यों को अलग-अलग व्यवस्थित करने, पुलिस शिकायतों की निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र प्राधिकरण की व्यवस्था प्रभावी बनाने तथा पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्यदशाएं सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल है। इसके साथ ही पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास मजबूत करने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।आलोक सिंह ने कहा कि पुलिस सुधारों का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि नागरिकों के अधिकारों की रक्षा, प्रशासनिक जवाबदेही और कानून के शासन को मजबूत करना भी होना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से प्रदेश की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक पुलिस व्यवस्था विकसित करने के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *