

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़।भाजपा के लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद राजभर पर पद का दुरुपयोग करते हुए पीड़िता की जमीन हड़पने का बड़ा आरोप लगा है। बूढ़नपुर तहसील की भोराजपुर कला निवासी पीड़िता सरोज पत्नी शिवबचन ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष पर जमीन पर कब्जा के आरोप से सियासी गलियारे में चर्चा तेज हो गई है। पीड़िता ने जिलाधिकारी को सौंपे पत्रक में बताया है कि लालगंज भाजपा जिलाध्यक्ष के पिता जंगली राजभर से 15 मार्च 2023 को मौजा लहंगपट्टी गोरहरपुर अतरौलिया में जमीन का बैनामा लिया गया था। इस रकबे में उसने मंडई और सबमर्सिबल लगा रखा है। इस जमीन का खारिज दाखिल भी हो चुका है। इधर जिलाध्यक्ष भाजपा लालगंज विनोद राजभर ने उसकी मंडई और सबमर्सिबल पर कब्जा कर लिया है। कई बार उनसे निवेदन किया गया पर वे उसे लगातार फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। वह भाजपा सरकार का भय दिखाकर पार्टी की छवि को लगातार बदनाम कर रहे हैं। पीड़िता ने कई बार प्रशासन से गुहार लगाई पर जिलाध्यक्ष के दबाव में कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष पर महिला के लगाए गए बड़े आरोप से जिले का सियासी पारा प्रचंड ठंड में बढ़ गया है। पीड़िता के पति शिवबचन ने मीडिया को दिए बयान में मामले की विस्तार से जानकारी दी।
वहीं इस मामले में भाजपा जिला अध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि विपक्षी हमारी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। विपक्षी ने पिता जी से तीन साल के एग्रीमेंट के बदले जालसाजी करते हुए रजिस्ट्री करा लिया। इस जमीन पर डेढ़ साल में सैकड़ों ट्राली मिट्टी डलवाकर मैंने आफिस बनवाया है, तब यह कहां थे। एक बार भी कोई शिकायत नहीं की। अब उनकी छवि को धूमिल करने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। इस जमीन का खारिज दाखिल भी निरस्त हो चुका है।
