

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार बाजार में सड़क जाम, उपद्रव, पथराव और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को तीनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को गुजरपार बाजार में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई थीं। इस घटना के बाद कुछ लोग गुजरपार बाजार चौराहे पर एकत्र हो गए और मुबारकपुर-जीयनपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।आरोप है कि पुलिस के समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की तथा ईंट-पत्थर चलाए। इससे सड़क पर आवागमन बाधित हो गया और एंबुलेंस, बसों समेत आम लोगों के वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।इस मामले में मुबारकपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 369/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और धारा 7 सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब 10:55 बजे ग्राम गुजरपार से गोविन्द (30), विजय कुमार (28) और नागेन्द्र यादव (35) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप वाजपेयी, कांस्टेबल शिवकुमार चौहान और कांस्टेबल प्रभात भारती शामिल रहे।
