आजमगढ़ में मां दक्षिण मुखी मंदिर पर भव्य भगवती जागरण, भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर 14 अक्टूबर की शाम 7 बजे आजमगढ़ के चौक स्थित मां दक्षिण मुखी मंदिर परिसर में भव्य मां भगवती जागरण का आयोजन किया गया। ब्लू नाइट आर्केस्ट्रा एंड जागरण ग्रुप एवं राजेश रंजन की पूरी टीम की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में दर्जनों कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। देर रात तक चले जागरण में श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। पूरा मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंज उठा।कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वांचल के लोकप्रिय गायक एवं फिल्म अभिनेता राजेश रंजन ने भगवान श्री गणेश की वंदना ‘जय गणेश, जय महादेवा’ से किया। इसके बाद उन्होंने मां भगवती की स्तुति करते हुए ‘तेरे दर को मैं छोड़ कहां जाऊं, अब दूजा कोई द्वार न दिखे’ भजन प्रस्तुत किया। भजन की मधुर प्रस्तुति पर श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर मंदिर के पुजारी श्री शरद चंद्र तिवारी ने सभी कलाकारों को चंदन-तिलक लगाकर मां की चुनरी भेंट की और उनका स्वागत किया। पुजारी शरद चंद्र तिवारी ने भी अपनी मधुर आवाज में ‘आया हूं मैं मंदिर तेरे, शेरावाली दर पे तेरे’ भजन प्रस्तुत किया। उनके भजन पर श्रद्धालु झूमने लगे और पूरा परिसर जय माता दी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।जागरण में भोजपुरी अंदाज ने भी श्रद्धालुओं का खूब मनोरंजन किया। ‘हमहूं के दर्शन द कराई हे बलमुआ हमरे’ जैसे भक्ति गीतों पर लोग तालियां बजाते हुए नाचते नजर आए। वहीं युवा भजन गायक अनिल मौर्य ने ‘छम-छम बाजे पायलिया’ और ‘चलो बुलावा आया है’ जैसे लोकप्रिय भजन प्रस्तुत कर भक्तों को भावविभोर कर दिया। मां के जयकारों के बीच महिलाओं और पुरुषों ने पूरे उत्साह के साथ भजनों का आनंद लिया।कार्यक्रम में भजन गायक धीरज मोदनवाल, धीरू, ज्ञानेश्वर प्रजापति और राजकुमार आशीर्वाद सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। गायक एवं फिल्म अभिनेता राजेश रंजन ने ‘पूछे रे मलिनिया, सातो रे बहिनिया धाम का, लाइव तनी पनिया पिया दा’ जैसे गीतों की प्रस्तुति देकर भोजपुरी लोकभक्ति का रंग बिखेरा। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। महिलाओं ने भी तालियों और जयकारों के साथ कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता की।जागरण के दौरान मां दक्षिण मुखी के जयकारों से चौक का पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।कार्यक्रम के समापन पर मां दक्षिण मुखी की दिव्य आरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान शरद चंद्र तिवारी, मयंक तिवारी, योगेश तिवारी, सोनू बाबा, उदित तिवारी और हर्ष तिवारी ने सभी कलाकारों को मां की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया।भक्ति, संगीत और श्रद्धा से सराबोर यह भगवती जागरण देर रात तक चलता रहा। मां दक्षिण मुखी के जयकारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *