



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खानपुर चितरावल में मंगलवार रात एक शादी समारोह उस समय तनाव में बदल गया, जब कुछ बरातियों ने नशे की हालत में उत्पात मचा दिया। विरोध करने पर घराती और बराती पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। इस घटना में कई लोग घायल हो गए।घटना के दौरान प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थापित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।जानकारी के मुताबिक, स्वर्गीय जगमोहन बिंद की पुत्री प्रीति की शादी बक्सपुर निवासी हरिश्चंद्र बिंद के पुत्र पवन बिंद के साथ तय थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद गांव वालों के सहयोग से शादी की तैयारियां की गई थीं। बरात को प्राथमिक विद्यालय परिसर में ठहराया गया था, जहां द्वाराचार की रस्म चल रही थी।इसी दौरान कुछ बराती प्रतिमा के पास बैठकर शराब पीने लगे। ग्रामीणों द्वारा इसका विरोध किए जाने पर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट के बाद पथराव शुरू हो गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए कुछ उपद्रवियों को हिरासत में लिया। वहीं अगली सुबह प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।मौके पर थाना प्रभारी देवेंद्र प्रताप भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।सीओ फूलपुर ने कहा कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत करा दी गई है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
