


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया। विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 के तहत शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अतरौलिया में निमा वूमेंस फोरम, आजमगढ़ की ओर से स्तनपान जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व फोरम की अध्यक्षा डॉ. आरती सिंह ने किया।कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की माताओं को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। डॉ. आरती सिंह ने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए पहला टीका और अमृत के समान है। इसमें मौजूद पोषक तत्व और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले तत्व बच्चे को कुपोषण तथा कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। साथ ही यह शिशु के शारीरिक और मानसिक विकास की मजबूत नींव रखता है।उन्होंने महिलाओं को स्तनपान कराने के सही तरीके और उचित पोजीशन के बारे में जानकारी दी। साथ ही शुरुआती छह माह तक शिशु को केवल और केवल मां का दूध देने के फायदे बताए गए।डॉ. आरती सिंह ने कहा, “स्तनपान प्रत्येक शिशु का पहला अधिकार और प्रत्येक मां की प्राकृतिक शक्ति है।” उन्होंने माताओं से अपील की कि वे शिशु के जन्म के बाद जल्द से जल्द स्तनपान शुरू कराएं और छह माह तक केवल मां का दूध दें।इस अवसर पर निमा वूमेंस फोरम की सचिव डॉ. मनीषा मिश्रा, कोषाध्यक्ष डॉ. श्रेष्ठ अग्रवाल समेत फोरम की अन्य महिला चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहीं।
