आजमगढ़ टेलीग्राम पर ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार, 49 लाख की शिकायत से जुड़ा मामला

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग, लॉटरी और गिफ्ट कोड के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवई थाना क्षेत्र के खुरचंदा गांव निवासी स्वप्निल पुत्र विजयबहादुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने सहयोगी राज शिखर सिंह उर्फ राजा टीजी के साथ मिलकर टेलीग्राम पर कई चैनल और ग्रुप संचालित करता था। इन ग्रुपों में कैसीनो, रम्मी, लॉटरी और गिफ्ट कोड के जरिए भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से पैसे जमा कराए जाते थे। रकम जमा होते ही पीड़ितों की टेलीग्राम आईडी ब्लॉक कर दी जाती थी और धनराशि हड़प ली जाती थी। प्रतिबिंब पोर्टल से प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान आरोपी का नाम सामने आया। पूछताछ और मोबाइल फोन के डिजिटल विश्लेषण में ग्राहकों से हुई चैट, गिफ्ट कोड और रेफरल कोड सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। इसके आधार पर पुलिस ने 5 जुलाई की रात उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के विभिन्न बैंक खातों पर अलग-अलग राज्यों से कुल सात एनसीआरपी शिकायतें दर्ज हैं। इनमें मुरादाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र की एक शिकायत 49,04,600 रुपये की साइबर ठगी से संबंधित है।गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इस मामले में थाना साइबर क्राइम में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *