मालदीव में नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी, फर्जी वर्क परमिट बनाने वाला गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। साइबर सेल और सिधारी पुलिस की संयुक्त टीम ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी इंटरनेट से मालदीव का वर्क परमिट डाउनलोड कर उसमें एडिटिंग करके फर्जी दस्तावेज तैयार करता था और बेरोजगार युवकों को विदेश भेजने का झांसा देकर उनसे पैसे वसूलता था।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुकेश यादव (29 वर्ष) निवासी हैदराबाद (छतवारा), थाना सिधारी है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो फर्जी मालदीव वर्क परमिट, एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड, 200 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त प्लेटिना बाइक बरामद की है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इंटरनेट से मालदीव के मूल वर्क परमिट का प्रारूप डाउनलोड कर उसमें नाम और अन्य विवरण बदलकर फर्जी परमिट तैयार करता था। इसके बाद वह व्हाट्सएप और प्रिंट कॉपी के जरिए लोगों को दस्तावेज भेजकर उनसे विभिन्न किस्तों में धनराशि लेता था।जांच में पता चला कि आरोपी पहले मुंबई में मर्चेंट नेवी से जुड़े कार्यों में रह चुका है। वहीं बने संपर्कों का इस्तेमाल कर वह विभिन्न राज्यों के श्रमिकों और युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कई लोगों से विदेश भेजने के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया है।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपनी भाभी के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर यूनियन बैंक में खाता खुलवाया था। समन्वय पोर्टल पर जांच के दौरान पश्चिम बंगाल के एक शिकायतकर्ता की साइबर शिकायत मिली, जिसमें विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 21 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज था। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने कुल 35 हजार रुपये में विदेश भेजने का सौदा किया था और 21 हजार रुपये लेकर फर्जी वर्क परमिट उपलब्ध कराया था।आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66C के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उसके अन्य पीड़ितों, बैंक खातों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *