

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर में दुकान पर बैठे एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक की गर्दन पर गंभीर चोट आई। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।आपको बता दे की पहाड़पुर निवासी गुड्डू कुमार सोनकर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 30 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे उनका भाई मनोज सोनकर अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान राहुल मोदनवाल और एक अज्ञात युवक आपस में विवाद कर रहे थे। मनोज ने दोनों को समझाकर वहां से जाने के लिए कहा।आरोप है कि कुछ देर बाद राहुल चाकू लेकर दोबारा दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान मिंटू और अमित मोदनवाल के कहने पर राहुल ने मनोज की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। हमले में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसके मित्र संगम की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने राहुल मोदनवाल, मिंटू मोदनवाल और अमित मोदनवाल समेत एक अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।इस संबंध में सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट और चाकूबाजी की घटना हुई थी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।
