आजमगढ़ शादी समारोह में खूनी हमला, युवक की मौत से मचा कोहराम,एसपी ने परिजनों से की मुलाकात

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। अज्ञात हमलावरों के हमले में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, तरवां थाना क्षेत्र के किशुनदासपुर से बारात मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के डंडवल गांव आई थी। इसी शादी में शामिल होने के लिए देवगांव थाना क्षेत्र के सराय गांव निवासी आनंद राजभर अपने दोस्त के बुलावे पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि भोजन के दौरान उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद के बाद उसने अपने गांव से साथियों को बुला लिया। इसी बीच सराय गांव निवासी प्रीतेश राजभर (20) और ओटू राजभर (26) मौके पर पहुंचे। आरोप है कि पहले से घात लगाए अज्ञात लोगों ने दोनों युवकों पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले मेहनाजपुर और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। प्रीतेश की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन दूसरे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घायल ओटू राजभर का संयुक्त चिकित्सालय लालगंज में इलाज चल रहा है। प्रीतेश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में मां और दो छोटी बहनें हैं। बेटे की मौत के बाद घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना मिलते ही परिजन मेहनाजपुर थाने पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें समझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। साथ ही मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *