
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के सगड़ी तहसील अंतर्गत जीयनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बभनौली, पोस्ट लाटघाट निवासी अभय पाठक पुत्र स्वर्गीय रामसकल पाठक ने अपनी आबादी सहन की भूमि पर अवैध कब्जा एवं निर्माण कराए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला वर्तमान में न्यायालय जिला जज (जू०डी० हवेली) में मुकदमा संख्या 3192/23 रामसकल बनाम लालमुनी आदि के रूप में विचाराधीन है, जिसमें अगली सुनवाई की तिथि 05 फरवरी 2026 निर्धारित है। न्यायालय द्वारा तामीला को भी पर्याप्त माना जा चुका है।पीड़ित का आरोप है कि न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद विपक्षी लालमुनी आदि द्वारा विवादित भूमि जो स्पष्ट रूप से मुकदमे में शामिल है। पर बार-बार निर्माण कार्य कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर दोनों पक्षों के विरुद्ध धारा 107/116 सीआरपीसी के तहत 64 की कार्यवाही भी की जा चुकी है, इसके बावजूद विपक्षीगण निर्माण कार्य व मारपीट पर आमादा हैं।अभय पाठक का कहना है कि जिस भूमि पर विपक्षीगण कब्जा कर रहे हैं, उस पर उनका कोई वैधानिक अधिकार नहीं है। आरोप है कि विपक्षी न तो संबंधित गाटा संख्या का कोई प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष दस्तावेज प्रस्तुत कर पा रहे हैं और न ही अपने दावे के समर्थन में कोई ठोस आधार दिखा रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ से मामले में हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि मुकदमे के निस्तारण तक विवादित भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से रोका जाए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए जांच टीम गठित की जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके।
