

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। तरवां पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट से जुड़े 25-25 हजार रुपये के दो इनामी वांछित अभियुक्तों सुमित यादव और प्रदुम्मन यादव को गिरफ्तार किया है। दोनों पर वाराणसी के मिर्जामुराद थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित होने के साथ ही संगठित अपराध से जुड़े होने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, जामवन्त यादव उर्फ जमुना गैंग का आपराधिक नेटवर्क आजमगढ़ से लेकर वाराणसी और भदोही तक फैला है। गैंग के प्रमुख सदस्य जामवन्त यादव के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, अवैध असलहा और एनडीपीएस एक्ट समेत 32 मुकदमे दर्ज हैं। तरवां पुलिस ने बताया कि सुमित यादव और प्रदुम्मन यादव की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। गिरफ्तारी नहीं होने पर एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने 6 सितंबर 2026 को दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।12 सितंबर को थानाध्यक्ष राजीव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तरवां-मेहनाजपुर सीमा पर पुलिया के पास ग्राम नूरपुर/भंवरपुर क्षेत्र से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, इस गैंग के सदस्य जामवन्त यादव उर्फ जमुना और हीरालाल यादव को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि गैंग के कुल चार सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार सुमित यादव के खिलाफ वाराणसी और भदोही में हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत तीन मुकदमे, जबकि प्रदुम्मन यादव के खिलाफ वाराणसी में लूट और आर्म्स एक्ट समेत दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
