

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के थाना जहानागंज क्षेत्र में पुलिस और अंतर्राज्यीय शराब तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा की गई सख्त कार्रवाई के दौरान एक अंतर्राज्यीय शराब तस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से 01 डीसीएम वाहन सहित 60 पेटी अवैध शराब बरामद की है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी गई, जिससे शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फिर गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। इस मामले में क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जयसवाल ने बताया कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी खेप पकड़ी गई है और आगे की कानूनी कार्यवाही प्रचलित है।
