
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सदर तहसील के अमीन सुरेश उपाध्याय की संदिग्ध मौत के मामले में नामजद एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित संग्रह अमीनों ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश राजस्व संग्रह अमीन संघ आजमगढ़ के बैनर तले तहसील सदर में एक दिवसीय हड़ताल पर रहते हुए धरना दिया। इस दौरान राजस्व संग्रह अमीन संघ के जिला अध्यक्ष दीनदयाल बौद्ध, मंत्री कमलेश प्रजापति, संग्रह अमीन तहसील सदर के अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह आदि ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि संग्रह अमीन सुरेश उपाध्याय 17 जनवरी को सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर गायब हो गए थे। जिसकी सूचना शासन व प्रशासन को दी गई परंतु प्रशासन की लापरवाही से उक्त अमीन की हत्या कर दी गई । जिसका शव और मोटरसाइकिल 20 जनवरी की शाम 5 बजकर 30 मिनट पर बसपा कार्यालय के पीछे नरौली से बरामद हुआ। मुकदमा दर्ज होने की बावजूद अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। संग्रह अमीन संघ ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग किया। चेतावनी दिया कि जब तक हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है तब तक हमारा आंदोलन चलता रहेगा।
