टेकपायनियरिंग 2026: नवाचार और उद्यमिता का संगम, छात्रों ने दिखाया हुनर

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आज़मगढ़। राजकीय पॉलिटेक्निक अतरौलिया के सेमिनार हॉल में शनिवार को टेकपायनियरिंग 2026 का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में छात्रों के नवाचार, तकनीकी दक्षता और उद्यमिता की सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला। आयोजन राजकीय पॉलिटेक्निक अतरौलिया, जिला उद्योग केंद् डीआईसी आजमगढ़ तथा इंडियन इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी बीएचयू उन्नत भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रों द्वारा प्रस्तुत प्रोजेक्ट प्रदर्शनी रही, जिसमें ग्रामीण और सामुदायिक विकास से जुड़े अभिनव मॉडल प्रमुख रहे। छात्रों ने स्मार्ट सिंचाई प्रणाली, सोलर आधारित ग्राम प्रकाश व्यवस्था, कम लागत जल शुद्धिकरण यूनिट, कचरा प्रबंधन प्रणाली, डिजिटल साक्षरता केंद्र, पोर्टेबल स्वास्थ्य जांच उपकरण, बायोगैस प्लांट और महिला स्वयं सहायता समूह प्लेटफॉर्म जैसे उपयोगी प्रोजेक्ट्स पेश किए। इन नवाचारों ने सतत विकास की दिशा में व्यवहारिक समाधान प्रस्तुत किए।कार्यक्रम में स्टार्टअप उद्यमियों के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों को अपने आइडिया को व्यवसाय में बदलने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना पर सेमिनार के जरिए ब्याज मुक्त ऋण और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। बेहतरीन प्रोजेक्ट्स और नवाचार प्रस्तुत करने वाले छात्रों को जिला उद्योग केंद्र डीआईसी आजमगढ़ द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ा।कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त आयुक्त आजमगढ़ मंडल रंजन चतुर्वेदी ने की। मुख्य अतिथि महाप्रबंधक DIC आजमगढ़ आशुतोष श्रीवास्तव ने कहा कि युवा पीढ़ी के नवाचार ही देश के विकास की असली ताकत हैं। विशिष्ट अतिथियों में विवेक राय और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के वक्ता प्रदीप यादव उपस्थित रहे।निदेशक डॉ. सुबोध कांत सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सफल संचालन हुआ। उन्होंने बताया कि संस्थान ने पिछले तीन वर्षों में 100 प्रतिशत प्लेसमेंट हासिल किया है, साथ ही 50 से अधिक उद्योगों के साथ एमओयू और पांच इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। कार्यक्रम संयोजक एवं प्राचार्य आर. जायसवाल, इवेंट हेड इंजी. ज्योति त्रिपाठी, इवेंट इंचार्ज श्रीमती रमा पांडेय समेत समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस आयोजन ने छात्रों को न केवल तकनीकी ज्ञान बल्कि स्टार्टअप और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी, जो क्षेत्र में उद्यमिता और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने में सहायक साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *