

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मोलनापुर गांव के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर एनएच-233 पर बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा घुसी और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे पांचों युवकों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र के सरायबीरू गांव निवासी शीतल (19), रोहन (19), विशाल (18), परविंद (20) और साहिल (20) बुधवार को घर से कार धुलवाने के लिए निकले थे। इसी दौरान वे देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मोलनापुर गांव पहुंचे। प्राथमिक विद्यालय के पास ओवरब्रिज से नीचे उतरते समय तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांचों युवक अंदर फंस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर देवगांव कोतवाल सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे पांचों युवकों को बाहर निकलवाया।हादसे में शीतल और रोहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विशाल, परविंद और साहिल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय, लालगंज पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आजमगढ़ रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आजमगढ़ भेज दिया।देवगांव कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि हादसे का शिकार हुए पांचों युवक जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र के सरायबीरू गांव के निवासी थे। सभी घर से कार धुलवाने के लिए निकले थे। मोलनापुर गांव के पास ओवरब्रिज से उतरते समय कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हुए हैं। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
