

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जनपद न्यायाधीश के निर्देश पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी एक नवंबर को मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए पात्र लाभार्थियों को चिह्नित करने और उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अंकित वर्मा ने बुधवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में कल्याणकारी राज्य की अवधारणा को महत्व दिया गया है। इसका उद्देश्य शासन की योजनाओं के माध्यम से आम जनता के जीवन स्तर में सुधार लाना और जरूरतमंदों को उनका अधिकार दिलाना है। इसी क्रम में महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों और समाज के वंचित वर्गों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष पहल की जा रही है।सचिव ने बताया कि मेगा कैंप के माध्यम से योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ न्यायिक अधिकारियों को भी शामिल किया गया है।उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और आम जनता को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए। मेगा कैंप को सफल बनाने के लिए तहसील और ब्लॉक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि जरूरतमंदों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से पूरी की जा सके।
