आजमगढ़ आबकारी विभाग की ₹7.60 लाख प्रतिभूति राशि हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। के थाना सिधारी पुलिस ने आबकारी विभाग की लाखों रुपये की प्रतिभूति राशि हड़पने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सावधि जमा (एफडी) की छायाप्रतियों और बैंक कर्मियों से मिलीभगत कर ₹7.60 लाख की धनराशि अपने खाते में ट्रांसफर करा ली थी।मामला तब सामने आया जब प्रभारी आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 सदर आजमगढ़ प्रभु नारायण सिंह ने थाना सिधारी में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। आरोप था कि ग्राम नेवादा थाना कप्तानगंज निवासी राजेन्द्र सिंह और उनके पुत्र संजीत सिंह ने जिला आबकारी कार्यालय में जमा प्रतिभूति राशि को धोखाधड़ी से अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया।पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 209/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2), 316(5) और 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना सिधारी पुलिस ने भदुली अंडरपास के पास से आरोपी संजीत सिंह (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता राजेन्द्र सिंह के नाम से देशी शराब की दुकान का लाइसेंस था, जो फरवरी 2026 में निरस्त हो गया था। इसके बाद उसने यूनियन बैंक शाखा कटघर में एफडी की द्वितीय प्रति प्रस्तुत कर ₹7.60 लाख की रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मृत्युंजय सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार राय और कांस्टेबल रणवीर यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *