




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ सदर लोकसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी और पूर्व सपा व भीम आर्मी नेता एहसान खान का एक विवादित वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एहसान खान को एक कमरे में बिस्तर पर बैठे हुए देखा जा सकता है। वह अपने समर्थकों से कहते हैं कि उनके पास तीन अवैध असलहा है जिसे खुल्ला रखता हूं । वह कह रहे हैं कि उनके पास गाड़ी, घोड़ा, बंगला, हेलीकॉप्टर, पैसा और कुछ भी नहीं है। वे आगे कहते हैं कि उनके पास कोई “सामान-ए-तिजारत” नहीं है, जिसका अर्थ है कि वह राजनीति में व्यक्तिगत लाभ या व्यापारिक उद्देश्यों के लिए नहीं हैं। इसके बाद वे राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों अखिलेश यादव, मायावती और अन्य पर कटाक्ष करते हुए कहते हैं कि उनके पास सब कुछ है, जबकि उनके पास कुछ भी नहीं है। वीडियो में वे कुछ हथियारों के होने की बात भी करते हैं, हालांकि इस दावे की पुष्टि नहीं की जा सकती है।वायरल वीडियो में एहसान खान पुत्र स्वर्गीय मतिउद्दीन निवासी छित्तेपुर थाना सरायमीर तीन-तीन अवैध असलहा रखना स्वीकार करके एक बार फिर विवादों में आ गए हैं उनके वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है। इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया की वायरल वीडियो में एहसान खान स्वीकार कर रहे हैं कि उनके पास तीन अवैध असलहा है। इस वीडियो की जांच हेतु थाना अध्यक्ष सरायमीर को निर्देशित किया गया है। जांच में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि एहसान खान 31-A हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ बलवा, मारपीट, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट, लोक संपत्ति क्षति और महामारी अधिनियम सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 21 आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
