




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पुलिस ने प्रदेश स्तर पर चिन्हित माफिया ध्रुव सिंह उर्फ कुन्टू सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध संपत्ति कुर्क की है। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत थाना कोतवाली और जीयनपुर में दर्ज मुकदमों में की गई। पुलिस के अनुसार, ध्रुव सिंह उर्फ कुन्टू सिंह पर हत्या, लूट, रंगदारी, अपहरण, धोखाधड़ी समेत गंभीर अपराधों के कुल 78 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी थाना जीयनपुर का हिस्ट्रीशीटर और गैंग नंबर IR-36 का लीडर बताया गया है। प्रशासन ने ग्राम छपरा सुल्तानपुर स्थित उसकी चर्चित “बड़ी हवेली” को कुर्क किया है। पुलिस का आरोप है कि इस हवेली का निर्माण और जीर्णोद्धार अवैध धन से कराया गया था तथा यहां गैंग के सदस्यों का जमावड़ा, रंगदारी की रकम का बंटवारा और आपराधिक साजिशें रची जाती थीं।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी की मौजूदगी में की गई।पुलिस और प्रशासन का कहना है कि जनपद में माफियाओं और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
