
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।थाना सिधारी पुलिस ने संवेदनशीलता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए मात्र तीन घंटे के भीतर एक लापता 7 वर्षीय श्रवण-बाधित (दिव्यांग) बालक को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के पटना जिले के साईचक, बेउर निवासी प्रीति गुप्ता अपने पुत्र यश गुप्ता के साथ रिश्तेदार राजेश साहू के घर हरबंशपुर तिराहा, आजमगढ़ आई हुई थीं। दोपहर लगभग 2:17 बजे उनका 7 वर्षीय पुत्र अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने तत्काल थाना सिधारी में सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सिधारी के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। बालक के श्रवण-बाधित होने को ध्यान में रखते हुए संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन तेज कर दी और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की।पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के चलते लगभग तीन घंटे के भीतर बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे को सुरक्षित पाकर परिवार में खुशी का माहौल छा गया।परिजनों ने आजमगढ़ पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि आजमगढ़ पुलिस जनसेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध और तत्पर है।
