
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। विकासखंड सठीयाँव क्षेत्र के महुआ मुरारपुर ग्राम सभा में नाली पर पटिया न होने और नियमित सफाई न होने के कारण नाली जाम हो गई है। जाम नाली से उठ रही दुर्गंध और गंदगी के चलते ग्रामीणों का जीवन दूभर हो गया है। गुरुवार को समस्या से परेशान ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने विरोध जताया।ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सफाई कर्मचारी की ड्यूटी तो लगाई गई है, लेकिन वह कभी-कभी ही आता है और ग्रामीणों से मिलकर सफाई कराने की बात कहकर लौट जाता है। जब ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान अजय कुमार सिंह उर्फ डागले से नाली की सफाई और पटिया रखवाने की मांग की, तो उन्होंने आश्वासन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं कराई।ग्रामीणों के अनुसार नाली की गंदगी से बदबू फैल रही है और बीमारी का खतरा बढ़ गया है। आए दिन बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। रात के समय शादी-विवाह या अन्य कार्यक्रमों में आने-जाने वाले लोग अंधेरे में नाली में गिर जाते हैं, जिससे चोट लगने का खतरा बना रहता है।गांव में चल रहे यज्ञ-पूजा आयोजन के दौरान आयोजकों ने घर के सामने टेंट से लाए गए मेज-पटिया को अस्थायी रूप से नाली पर रख दिया है ताकि आने वाले श्रद्धालु नाली में न गिरें। आयोजकों ने भी प्रधान से सफाई और पटिया लगवाने का अनुरोध किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और भयावह हो जाती है, जब नाली का पानी सड़कों पर भर जाता है और दुर्गंध असहनीय हो जाती है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत नाली की तत्काल सफाई कराकर उस पर स्थायी पटिया रखवाई जाए, ताकि गंदगी, बदबू और बीमारियों से राहत मिल सके तथा आवागमन सुरक्षित हो सके।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
