

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में रामप्रसाद यादव पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशु गौड़ और नरायन पटेल के रूप में हुई है। पुलिस ने नरायन पटेल के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर को पुरानी रंजिश को लेकर रामप्रसाद यादव पर लाठी-डंडों से हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए थे। पीड़ित के पिता रघुनाथ यादव की तहरीर पर जीयनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए जीयनपुर पुलिस ने 21 अक्टूबर को जम्मनपुर नहर के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका के संबंध में जानकारी दी।पुलिस ने नरायन पटेल के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
