
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।जनपद में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन “सड़क पर सूरूर” के अंतर्गत बुधवार को सड़क एवं सड़क किनारे सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीते पाए गए 45 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनका चालान किया गया।यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी द्वारा की जा रही है।पुलिस के अनुसार, 19 फरवरी को थाना कोतवाली क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें सड़क अथवा सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे कुल 45 व्यक्तियों को पकड़कर धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया। सभी को भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन या धूम्रपान से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक व्यवस्था एवं यातायात सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
