आजमगढ़ में साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल में मिले आपत्तिजनक फोटो-वीडियो,बैंक खाते में 4.34 लाख रुपये के लेनदेन का खुलासा

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

जीयनपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, दो मोबाइल फोन और 2,210 रुपये नकद बरामद

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में साइबर सेल और जीयनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन माध्यम से अश्लील सामग्री के प्रसार और कथित धोखाधड़ी कर धनराशि प्राप्त करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर लड़की की पहचान का इस्तेमाल कर लोगों से संपर्क करता था और टेलीग्राम के माध्यम से अश्लील वीडियो कॉलिंग तथा आपत्तिजनक सामग्री उपलब्ध कराने के नाम पर रुपये वसूलता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान असरूपुर निवासी गोपाल चौहान (22) पुत्र रामाशीष चौहान के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और 2,210 रुपये नकद बरामद किए हैं। मोबाइल फोन की प्रारंभिक जांच में आपत्तिजनक फोटो-वीडियो, विभिन्न वेबसाइटों की सर्च हिस्ट्री और टेलीग्राम पर चैटिंग व 18+ ग्रुपों से संबंधित गतिविधियां सामने आने की बात कही गई है।पुलिस के मुताबिक, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश से CSEAM (बाल यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार से संबंधित सामग्री) के संबंध में मिले इनपुट के आधार पर कार्रवाई की गई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित रूप से स्नैपचैट सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लड़की की पहचान का उपयोग कर लोगों से संपर्क करता था। इंटरनेट से प्राप्त तस्वीरों और अश्लील वीडियो के स्क्रीनशॉट भेजकर लोगों को आकर्षित किया जाता था। इसके बाद टेलीग्राम के माध्यम से वीडियो कॉलिंग और आपत्तिजनक सामग्री उपलब्ध कराने के नाम पर धनराशि ली जाती थी। कुछ लोगों से धोखे से मोबाइल रिचार्ज कराने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने बताया की 1 जनवरी 2026 से 22 अक्टूबर 2026 तक की उपलब्ध बैंकिंग हिस्ट्री के प्रारंभिक अवलोकन में 20 से 500 रुपये तक की कई छोटी धनराशियों के क्रेडिट ट्रांजेक्शन मिले हैं। इस अवधि में लगभग 4 लाख 34 हजार रुपये खाते में जमा होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों की विस्तृत जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर 50 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों को निशाना बनाता था। इस मामले में थाना जीयनपुर में मुकदमा संख्या 0446/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 318(4), 294 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67A और 67B में अभियोग पंजीकृत किया गया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा, पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में की गई।गिरफ्तारी करने वाली टीम में जीयनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक परमात्मा मिश्रा सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। साइबर सेल की टीम ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार, मामले में डिजिटल साक्ष्यों और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *