

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के कोलघाट स्थित बाबा मोहटी दास आश्रम में गुरु कोमल पहलवान के सम्मान में विराट कुश्ती दंगल एवं भीम गदा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय पहलवान दीपक यादव और पप्पू यादव के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, दिल्ली और वाराणसी समेत विभिन्न स्थानों से आए सैकड़ों महिला एवं पुरुष पहलवानों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी कुश्ती कला और शारीरिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का उद्घाटन सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, गुरु कोमल पहलवान, समाजसेवी रामचंद्र यादव और जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान कुश्ती प्रेमियों की भारी भीड़ मौजूद रही और पहलवानों के दांव-पेच पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।दंगल के दौरान दिल्ली के साहिल और गाजीपुर के विशाल के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जो बराबरी पर छूटा। महिला कुश्ती में आजमगढ़ की प्रीति यादव निवीं और जया स्टेडियम के बीच मुकाबला भी बराबरी पर समाप्त हुआ। वहीं, दिव्यांशु मोजरापुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आदर्श बौरहवा बाबा को पटखनी देकर जीत हासिल की।भीम गदा प्रतियोगिता में पहलवानों ने अपनी ताकत और दमखम का प्रदर्शन किया। इसमें राष्ट्रीय पहलवान बृजेश यादव ने एक बार फिर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए 20 हाथ भांजकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। उनके प्रदर्शन पर मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया।अंतरराष्ट्रीय पहलवान अभिमन्यु यादव ने बताया कि गुरु कोमल पहलवान के सैकड़ों शिष्यों में कई पहलवान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। उनके शिष्य आर्मी, नेवी, बीएसएफ और रेलवे सहित विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को कुश्ती के प्रति प्रोत्साहित करना और भविष्य के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान तैयार करना है। आयोजकों ने इस प्रतियोगिता को प्रत्येक वर्ष निरंतर आयोजित करने का संकल्प भी जताया।इस अवसर पर सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने गुरु कोमल पहलवान के निधन के बाद उनकी प्रतिमा स्थापित कराने का वादा किया। इससे उनके शिष्यों और कुश्ती प्रेमियों में उत्साह देखा गया।कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य अवधेश यादव और प्रेमचंद यादव ने किया। इस दौरान ज्ञान शंकर यादव, विजय शंकर यादव, कैलाश यादव, रणवीर सिंह, रामवृक्ष यादव, अशोक यादव, अजीत यादव सहित जिले के कई वरिष्ठ पहलवान और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
