

गौरव श्रीवास्तव, आजमगढ़। बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू दास की हत्या और वहां अल्पसंख्यक समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में बुधवार को आज़मगढ़ के अंबेडकर पार्क में विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी सहित धार्मिक, सामाजिक और व्यवसायिक संगठनों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कथित जिहादी तत्वों का पुतला दहन किया।इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि बांग्लादेश में हालिया राजनीतिक परिवर्तनों के बाद कट्टरपंथी गतिविधियों में वृद्धि हुई है और हिंदू समुदाय को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिरों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, महिलाओं और संपत्तियों पर हमले हो रहे हैं। जिला कार्याध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने कहा कि दीपू दास पर ईशनिंदा का झूठा आरोप लगाकर भीड़ द्वारा उसकी हत्या की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी घटना प्रशासन की उपस्थिति में हुई, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश प्रशासन से अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की। कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों के जिला, विभाग और नगर स्तर के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
