

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के सेनपुर गांव में आबादी की जमीन को लेकर हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, सेनपुर निवासी रामबली पुत्र हुबलाल ने तहरीर देकर बताया कि 23 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे आबादी की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि नीरज, अभिषेक और शनि (तीनों पुत्र मेवालाल), विक्की पुत्र शिवदास तथा शिवकुमार पुत्र पन्नालाल ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।हमले में रामबली की पुत्री नीतू, पुत्र पवन तथा पुत्री रीता घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल नीतू और पवन के सिर में गहरी चोटें आईं, जिनके उपचार के दौरान चार से पांच टांके लगाए गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
