


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के कोतवाली क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मरीज के परिजनों ने निजी अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ पर मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। जीयनपुर थाना क्षेत्र के कसड़ा आयमा निवासी राजू यादव का कहना है कि उनके भाई इन्द्रेश का हाथ ट्रैक्टर में बेल्ट चढ़ाते समय कट गया था, जिसके इलाज के लिए 27 अप्रैल की सुबह उन्हें जुनैदगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि करीब एक घंटे इलाज के बाद जब परिजनों ने उपचार से असंतुष्ट होकर मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने की बात कही तो इसी बात को लेकर डॉक्टर और स्टाफ से विवाद हो गया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद अस्पताल कर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग राजू यादव को पकड़कर अंदर ले जाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने बलरामपुर पुलिस चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
