भीरा बाजार के पास स्कॉर्पियो पलटी, दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आज़मगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के भीरा बाजार के पास शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर और बिजली के पोल से टकराकर पलट गई। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।मिली जानकारी के अनुसार, वाहन में तीन युवक सवार थे। मृतकों की पहचान प्रमोद (28 वर्ष) पुत्र लाल बिहारी निवासी आवक, थाना रानी की सराय तथा अभय (28 वर्ष) पुत्र उमाकांत निवासी ग्राम सपनहर, थाना रानी की सराय के रूप में हुई है। अभय प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। हादसे में दीपक पुत्र रमाकांत निवासी सराय मोहन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।बताया जा रहा है कि अभय के घर में शादी का माहौल था। तीनों युवक जौनपुर से माला-फूल लेकर घर लौट रहे थे, तभी भीरा बाजार के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष राजीव कुमार व चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। वाहन में फंसे युवकों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को क्रेन की सहायता से थाने लाया गया।इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *