

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मुबारकपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कस्बे के पुरारानी मोहल्ले में एक किराये के मकान में छापेमारी कर करीब 2 लाख रुपये कीमत के 323 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि, आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को सूचना मिली कि मुबारकपुर कस्बे के पुरारानी मोहल्ले में स्थित एक किराये के मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक शशीचन्द चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान सहर पत्नी समीर के मकान के एक कमरे से विभिन्न कंपनियों और ब्रांड के कुल 323 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। उक्त मकान गुलाब गुप्ता ने किराये पर लिया था।बरामद पटाखों में 1022 पैकेट फूलझड़ी, 119 पैकेट पॉप-अप बम, 445 पैकेट मिर्ची बम, 150 पैकेट इलेक्ट्रिक क्रैकर, 150 पैकेट चकरी, 265 पैकेट मिनी बुलेट बम, 150 पैकेट अनार सहित रॉकेट और अन्य प्रकार के पटाखे शामिल हैं।इस मामले में पुलिस ने गुलाब गुप्ता पुत्र स्वर्गीय कन्हैया गुप्ता निवासी पुरारानी, थाना मुबारकपुर के खिलाफ मुबारकपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 381/2026, धारा 5/9बी विस्फोटक अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
