

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। साइबर अपराधों की रोकथाम और नागरिकों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आजमगढ़ में राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह–अक्टूबर 2026 का शुभारंभ किया गया। पूरे अक्टूबर माह जिले के सभी थानों और साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से अलग-अलग विषयों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अभियान के पहले दिन “सुरक्षित वेब ब्राउज़िंग” को मुख्य विषय बनाया गया। पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में चौपाल, जागरूकता शिविर और संवाद कार्यक्रम आयोजित कर आमजन, विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और व्यापारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।पुलिस ने नागरिकों को वेबसाइट का URL जांचने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान APK या एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने तथा वेबसाइट की प्रामाणिकता जांचने की सलाह दी। साथ ही स्पष्ट किया कि OTP, PIN, CVV, UPI PIN और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।पुलिस ने फर्जी वेबसाइट, ऑनलाइन ऑफर, नौकरी, इनाम, निवेश और सरकारी योजना के नाम पर भेजे जाने वाले लिंक से भी सावधान रहने की अपील की।ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉलआजमगढ़ पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन बैंकिंग, UPI, कार्ड, वॉलेट या अन्य माध्यम से साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होता है तो बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की सलाह दी गई।पुलिस के अनुसार, समय रहते शिकायत करने पर संबंधित लेन-देन को रोकने या धनराशि होल्ड कराने के लिए कार्रवाई की संभावना रहती है। पीड़ितों से मोबाइल नंबर, स्क्रीनशॉट, संदिग्ध लिंक, बैंक ट्रांजेक्शन विवरण और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की भी अपील की गई।पूरे अक्टूबर माह चलने वाले अभियान में फिशिंग, OTP फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा, डिजिटल भुगतान, फर्जी निवेश और नौकरी के नाम पर होने वाली साइबर ठगी समेत विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
