

अवैध पटाखा भंडारण की जानकारी न होने और कार्यशैली पर गंभीर सवाल, एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने की कार्रवाई
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में पुलिस विभाग के भीतर अनुशासनहीनता और लापरवाही के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना मुबारकपुर की कस्बा चौकी पर तैनात एक उपनिरीक्षक समेत आठ आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ पक्षपातपूर्ण एवं शोषणपूर्ण कार्रवाई करने, राजकीय कर्तव्यों से ऊपर निजी एवं आर्थिक लाभ को प्राथमिकता देने तथा पदीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप सामने आए थे।इसके अलावा चौकी से कुछ ही मीटर की दूरी पर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण होने के बावजूद पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी न होना भी गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता के रूप में सामने आया।उपनिरीक्षक पर एक आवेदिका के प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई न करने और राजकीय कर्तव्यों के विपरीत कार्य करने के आरोप हैं। वहीं, आरक्षियों पर पक्षपातपूर्ण एवं शोषणपूर्ण कार्रवाई करने तथा स्वेच्छाचारिता बरतने के आरोप लगाए गए हैं।इन 9 पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाईनिलंबित उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा हैं। जबकि आरक्षियों में हरेन्द्र कुमार सिंह, विनय यादव, कुलदीप सरोज, सत्येन्द्र कुमार यादव, शैलेन्द्र कुमार, मुकुन्द लाल मिश्रा, मुशाहिद रजा और सुजीत यादव शामिल हैं।एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विभाग में अनुशासनहीनता, कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और किसी भी प्रकार की अनियमितता के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
