टेम्पो में सफर कर रही महिलाओं को बनाती थीं निशाना, आजमगढ़ पुलिस ने दो शातिर चोरनियों को दबोचा

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के देवगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने विभिन्न चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो महिला चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के जेवरात और ₹5000 नकद बरामद किए हैं। आपको बता दे की 8 जनवरी 2026 को ओमप्रकाश तिवारी निवासी ग्राम कलिचाबाद ने थाना देवगांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्मा आभूषण गिरिश सेठ की दुकान पर खरीदारी के दौरान एक अज्ञात महिला ने उनकी जेब से ₹53,000 निकाल लिए। इस मामले में थाना देवगांव पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इसके अलावा 16 फरवरी 2026 को जिवली तिराहे के पास टेम्पो में सफर कर रही एक महिला के बैग से दो अज्ञात महिलाओं द्वारा गहने और नकदी चोरी कर लेने की शिकायत मिली थी। इस मामले में भी देवगांव थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मंगलवार 10 मार्च को उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह और उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि दो संदिग्ध महिलाओं को कबीरा पुलिया पर ऑटो चालक पप्पू यादव और उनके पुत्र हिमांशु मौर्या ने पकड़ रखा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में महिलाओं ने अपना नाम लक्ष्मी पत्नी मिथुन निवासी डोमापार थाना गोसाईगंज जनपद सुल्तानपुर और पूजा पत्नी सूरज निवासी अकारीपुर थाना धमौर जनपद सुल्तानपुर बताया। पूछताछ में उन्होंने दोनों चोरी की घटनाओं को कबूल कर लिया। पुलिस ने अभियुक्ताओं के पास से 2 जोड़ी पायल, 6 जोड़ी बिछुआ, 1 जोड़ी कान की बाली, 2 जोड़ी माला और ₹5000 नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *