

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता, आजमगढ़। भारत सरकार के खेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशों पर आयोजित खेलो इंडिया बीच गेम्स–2026 का आयोजन दमन एवं दीव में 5 से 11 जनवरी 2026 तक किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पेंचक सिलाट खेल में उत्तर प्रदेश टीम से 11 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से आज़मगढ़ के 4 खिलाड़ियों का चयन हुआ था।प्रतियोगिता में आज़मगढ़ के सूरज यादव और आर्यवीर सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया। वहीं, अन्य दो खिलाड़ी अनमोल यादव और शैलेन्द्र सोनकर का सफर क्वार्टर फाइनल तक रहा। उत्तर प्रदेश टीम के साथ कोच ज्ञानेंद्र चौहान भी खिलाड़ियों के मार्गदर्शन हेतु उपस्थित रहे।खेलो इंडिया बीच गेम्स में सफलता के बाद आज़मगढ़ आगमन पर पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने सिविल लाइन स्थित कैंप कार्यालय में सभी खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया।इस अवसर पर महासचिव सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि भारत सरकार द्वारा पेंचक सिलाट को प्राथमिक खेलों की सूची में शामिल किया गया है और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया जैसे राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में और अधिक पदक जीतकर देश, प्रदेश और जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।उल्लेखनीय है कि खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 में पेंचक सिलाट, कबड्डी, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया था।कार्यक्रम में रजनीश श्रीवास्तव, मयंक श्रीवास्तव, शैलेश प्रजापति, अरविंद चित्रांश, अमन श्रीवास्तव, अभय चौरसिया, धीरज शुक्ला, अभिषेक मौर्या, रितेश श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
