महंगाई,अपराध और बिजली कटौती के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट चौराहे पर फूंका केंद्र सरकार का पुतला

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार को आजमगढ़ में सपा के विभिन्न फ्रंटल संगठनों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी, अघोषित बिजली कटौती, बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया।सपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से जुलूस के रूप में निकले और नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में कलेक्ट्रेट चौराहे पर केंद्र सरकार का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया। हालांकि पुतला दहन के दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोंकझोंक भी देखने को मिली। पुलिसकर्मियों द्वारा पुतला फूंकने से रोकने की कोशिश की गई, जिस पर कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। यह पूरा घटनाक्रम मीडिया कैमरों में भी कैद हो गया। बाद में सपा नेताओं ने सांकेतिक रूप से पुतला दहन कर प्रदर्शन को सफल बताया।प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। घरेलू गैस सिलेंडर, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।वहीं समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “सरकार के पाप का घड़ा भर चुका है और आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।”सपा नेताओं ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने फतेहपुर में कथित रूप से साधना मौर्य के साथ हुए गैंगरेप मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए सरकार को घेरा।प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो पार्टी आने वाले समय में और बड़ा आंदोलन करेगी। इस दौरान सपा नेता, कुणाल मौर्य,दुर्गेश यादव,गोलू यादव, विकास यादव,संदीप राजभर,अजीत यादव, रविकांत यादव अखिलेश पांडेय आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *