अतरौलिया अस्पताल का अपर निदेशक ने किया औचक निरीक्षण,व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आज़मगढ़। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के आजमगढ़ मंडल के अपर निदेशक विजय कुमार सिंह ने बुधवार दोपहर अमर शहीद राजा जयलाल सिंह सौ शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।अपर निदेशक ने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया, जिसमें सभी चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित पाए गए। उन्होंने मरीजों को वितरित की जाने वाली निशुल्क दवाओं के स्टॉक और ईडीएल (आवश्यक दवा सूची) की भी जांच की। साथ ही अस्पताल परिसर में लगाए गए वाटर कूलरों की स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान छह बेड के हीट वेव वार्ड का भी अवलोकन किया गया, जहां सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। इसके अलावा मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य और मानसिक राहत के उद्देश्य से स्थापित पब्लिक एड्रेस सिस्टम एवं म्यूजिक थेरेपी सिस्टम का फीता काटकर उद्घाटन किया गया।अपर निदेशक ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में लगे कूलर, पंखे और एसी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, जो संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखी जाएं तथा सभी डॉक्टर समय से ओपीडी में बैठकर मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करें।उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल में ईडीएल की कोई दवा उपलब्ध नहीं है तो मरीजों को जन औषधि केंद्र से दवा लेने के लिए प्रेरित किया जाए। अपर निदेशक ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ दिनेश कुमार सिन्हा को निर्देश दिया कि इन व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।अस्पताल के बेहतर संचालन और व्यवस्थाओं पर अपर निदेशक विजय कुमार सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ दिनेश कुमार सिन्हा एवं अस्पताल प्रशासन की सराहना करते हुए बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *