अतरौलिया रोडवेज परिसर बना अतिक्रमण का अड्डा, बसों से ज्यादा खड़ी रहती हैं मोटरसाइकिलें

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अतरौलिया यात्रियों की सुविधा और बसों के सुचारु संचालन के लिए बनाया गया स्थानीय रोडवेज परिसर इन दिनों अतिक्रमण और अव्यवस्था का शिकार बना हुआ है। हालात यह हैं कि परिसर में बसों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जबकि बड़ी संख्या में मोटरसाइकिल और ऑटो खड़े होने से यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोडवेज परिसर में प्रतिदिन करीब 100 से 150 मोटरसाइकिलें खड़ी की जा रही हैं। सुबह से ही लोग अपनी बाइक परिसर में खड़ी कर चले जाते हैं और देर शाम वापस ले जाते हैं। इसके चलते पूरा परिसर दोपहिया वाहनों के कब्जे में नजर आता है। स्थिति यह हो गई है कि बसों को परिसर के भीतर खड़ा करने की जगह नहीं मिलती और उन्हें सड़क किनारे ही रुकना पड़ता है। इससे यात्रियों को चढ़ने-उतरने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।परिसर के बाहर भी अतिक्रमण कम नहीं है। ठेला, ऑटो रिक्शा और अन्य वाहन चालकों ने सड़क किनारे कब्जा जमा रखा है, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। यात्रियों का कहना है कि परिसर में गंदगी और अव्यवस्था के कारण लोग वहां रुकना तक पसंद नहीं करते। साफ-सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। परिसर में सफाई के नाम पर खर्च तो किया जा रहा है, लेकिन जमीन पर उसका असर दिखाई नहीं देता। जगह-जगह गंदगी फैली हुई है और अव्यवस्था बनी रहती है।रोडवेज परिसर में तैनात गार्ड वशिष्ठ तिवारी ने बताया कि यहां तीन गार्ड और एक सफाई कर्मचारी की नियुक्ति है। सफाई का कार्य नियमित रूप से कराया जाता है तथा मोटरसाइकिल खड़ी करने से लोगों को रोका भी जाता है, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं होते। उन्होंने बताया कि कुछ वाहन कर्मचारियों के भी होते हैं, जबकि अधिकतर बाहरी लोगों की मोटरसाइकिलें परिसर में खड़ी की जाती हैं।स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और प्रशासन से रोडवेज परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने, नियमित निगरानी बढ़ाने और यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *